घर में लगी भीषण आग, परिवार बाल-बाल बचा

सूरत. नए वर्ष पर शहर के भाठेना क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। रात को परिवार घर में सो रहा था और घर में भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य समय पर बाहर निकल आए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग में मकान बनाने के लिए रखे ऋण के नगद 70 हजार रुपए और दुल्हन का सामान जल गया।

दमकल विभाग के मुताबिक, हादसा रविवार मध्यरात्रि करीब ढ़ाई बजे हुआ। भाठेना क्षेत्र निवासी सैयद हासिम दो बहनें और माता के साथ रहता है। परिवार में बहन की शादी थी और शादी के लिए सामान खरीदकर रखा था। साथ ही मकान बनाने के लिए उसने ऋण लिया था, जिसके नगद 70 हजार रुपए भी घर में रखे हुए थे।

रविवार रात हासिम और परिवार के सभी सदस्य सो गए। मध्यरात्रि को घर में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही परिवार के सदस्य जाग गए और भागने लगे।

समय रहते सभी घर से सुरक्षित बाहर निकल आए। उधर, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण आग के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर डुंभाल दमकल स्टेशन के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल अधिकारी रोहित खलासी ने बताया कि भीषण आग के चलते घर का पूरा सामान जल गया। जिसमें नगद 70 हजार रुपए और दुल्हन का सामान भी जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed