
मुंबई। घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पास पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान एक पिता पर अपने नौ माह के बेटे को स्काईवॉक से नीचे फेंकने का आरोप है। ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घाटकोपर पुलिस ने आरोपी पिता जफर शेख को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्काईवॉक पर हुआ विवाद
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, रविवार रात आरती जफर शेख अपने नौ माह के बेटे आरव के साथ घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्काईवॉक पर थीं। इसी दौरान उनके पति जफर शेख वहां पहुंचे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जफर ने आरती के साथ गाली-गलौज की और गुस्से में आकर बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया।
गंभीर हालत में सायन अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग बच्चे की मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी पिता गिरफ्तार
घाटकोपर पुलिस ने आरती की शिकायत के आधार पर जफर शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
