मुंबई में मॉनसून ने दी दस्तक, झमाझम बारिश के बाद लोग खुशी से झूमे

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है। रविवार की सुबह मुंबई में मानसून की पहली बारिश हुई। मेगा सिटी के काफी इलाकों में भारी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसारमुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश से पारा नीचे आया है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दक्षिणी पश्चिम मानसून के मुंबई पहुंचने की तारीख पहले 11 जून थी, लेकिन मानसून ने 9 जून को ही मुंबई में दस्तक दे दी।
पालघर में धंस गई सड़क
बारिश के दौरान मुंबई मेट्रोपॉलिटन एरिया में पालघर में भारी बारिश के कारण पालघर जिले में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इसके बाद रविवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन सहित मरम्मत कार्य जारी थे तभी भारी बारिश के कारण पालघर के मालजीपाड़ा इलाके में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। उन्होंने बताया कि इससे यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर आवाजाही बाधित हो गई। रविवार सुबह 5.30 बजे से जाम में फंसे कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या पर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
36.4 डिग्री दर्ज किया तापमान
न्यूनतम तापमान में गिरावट से रात में तापमान कम होने का संकेत मिलता है। आईएमडी के अनुसार, सांताक्रूज़ वेधशाला में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि के लिहाज से महत्वपूर्ण जिलों जैसे सातारा में पिछले एक दिन में 91 मिमी, नासिक में 64 मिमी, अहमदनगर में 57 मिमी, छत्रपति संभाजीनगर में 51 मिमी और जलगांव में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ठाणे और पालघर जिलों में भी रात भर भारी बारिश हुई जिससे कुछ इलाकों में जल भराव हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *