सारोली पुलिस ने एक किलो अफीम बरामद किया, दो जनों को पकड़ा

सूरत. सारोली पुलिस ने नियोल चैक पोस्ट के निकट एक किलोग्राम अफीम के साथ दो जनों को गिरफ्तार किया है। जबकि तस्करी के रैकेट में शामिल दो अन्य को वांछित घोषित किया है। जब्त की गई अफीम की कीमत 5 लाख 7 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के चितौड़गढ़ जिले के बाहेड गांव निवासी गोपालाल जानवा (30) निजी बस में अफीम लेकर सूरत आया था। उसे उदयपुर जिले के नारायणपुरा गांव निवासी शोभालाल सुथार ने अफीम की खेप गोडादरा राधेश्याम सोसायटी निवासी महेन्द्रसिंह राजपूत व पप्पूसिंह राजूपत के पहुंचाने के लिए भेजा था। गोपालाल उदयपुर से निजी बस में सवार होकर सूरत पहुंचा। वह नियोल चैक पोस्ट से पहले ही बस से उतर गया और पीठ पर कॉलेज बैग टांगकर पैदल ही शहर में घुस रहा था। वहां गश्त के दौरान सारोली पुलिस ने उसे रोका। बैग की तलाशी लेने पर अफीम बरामद हुई। उससे प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि पप्पूसिंह अफीम की खेप लेने के लिए आने वाला है। इस पर पुलिस ने जाल बिछा कर पप्पूसिंह को भी पकड़ लिया। उसके कब्जे से मोबाइल व मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पुलिस ने बताया कि पप्पू सिंह व महेन्द्र सिंह राजस्थान से अफीम मंगवा कर सूरत में अवैध रूप से बिक्री करते थे। फरार शोभालाल व महेन्द्रसिंह की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *