गणपति पंडाल में इस बार श्रद्धालु श्रीजी के साथ गौ दर्शन भी करेंगे

सूरत. भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी गणेश चौथ से दस दिवसीय गणपति महोत्सव की शुरुआत 19 सितंबर से हो जाएगी। महोत्सव के दौरान आयोजक मंडलों ने गणपति पंडाल में कई सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों की तैयारियां की है। वहीं, शहर गणेश उत्सव समिति ने भी महोत्सव की रूपरेखा तैयार कर ली है। एक पंडाल में श्रद्धालुओं को गणपति दादा के साथ गौ दर्शन व पूजन का भी लाभ मिलेगा।

शहर में गणपति महोत्सव में विभिन्न मंडल अलग-अलग थीम पर गणपति प्रतिमा की स्थापना कर रहे हैं। शहर में सदैव कुछ अलग थीम के लिए चर्चित रहने वाले भटार स्थित ओरोविल युवक मंडल ने इस बार गणपति प्रतिमा के साथ पंडाल में गौ माता के दर्शन की व्यवस्था भी श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित की है। मंडल के पंकज पटेल ने बताया कि गत 32 वर्षों से भटार में उमा भवन के पास ओरोविल युवक मंडल गणपति प्रतिमा की स्थापना करता है। हर बार मंडल कुछ अलग थीम पर प्रतिमा स्थापना करता है, जो कि शहरभर में चर्चा का विषय बनती है। इस बार श्रद्धालुओं के लिए पंडाल में गौ पूजन व दर्शन की व्यवस्था रखी गई है। इसमें दो गाय व एक बछड़े को गणपति पंडाल में दस दिवसीय महोत्सव के दौरान रखा जाएगा। यह विचार मकर संक्रांति को मंडल के सदस्यों के मन में आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *