जापान में 7.6 तीव्रता वाले भूकंप के बाद सुनामी, कई इमारतें ढहीं

टोक्यो. नए साल के पहले दिन सोमवार को जापान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद सुनामी आ गई। इशिकावा प्रांत के वाजिमा शहर के तटीय इलाकों में करीब 4 फीट (1.2 मीटर) ऊंची लहरें उठ रही हैं। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने इशिकावा, निगाटा और टोयामा प्रांत के तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 16 फीट (5 मीटर) तक ऊंची लहरें उठ सकती है। सरकार ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है।
भूकंप से इशिकावा प्रांत में वाजिमा सिटी में करीब 30 इमारतें ढह गईं। रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। शहर के करीब 35 हजार मकानों की बिजली गुल हो गई। नोतो समेत कई शहरों में इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। फिलहाल किसी के मरने की सूचना नहीं है। भूकंप के इटके इतने तेज थे कि कई शहरों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। लोग घरों और ऑफिस को छोड़ सड़कों पर आ गए।
सरकारी प्रवक्ता हयाशी योशिमासा ने मीडिया को बताया कि भूकंप में कुछ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सेना को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
धूजती रही धरती: हवाई के प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने बताया कि जापान तट पर भूकंप के केंद्र के 300 किलोमीटर (190 मील) के क्षेत्र में खतरनाक सुनामी लहरों की आशंका है। जेएमए के मुताबिक जापान के मुख्य द्वीप होंशू के जापान सागर की ओर स्थित नोटो क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसकी शुरुआत स्थानीय समयानुसार शाम 4:06 बजे 5.7 तीव्रता के झटके से हुई। इसके बाद 4:10 बजे 7.6, 4:18 बजे 6.1, 4:23 बजे 4.5, 4:29 बजे 4.6 और 4:32 बजे 4.8 तीव्रता का भूकंप आया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा कि इसके तुरंत बाद 6.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed