
Donald Trump On Crypto Earning: बीते साल डोनाल्ड ट्रंप क्रिप्टो सौदों से तगड़ी कमाई की है, लेकिन इसे लेकर एक बार फिर उनकी आलोचना भी हो रही है, जिसे ट्रंप ने सिरे से खारिज करते हुए बड़ा बयान दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप की क्रिप्टोकरेंसी से कमाई इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है. अमेरिकी राष्ट्रपति की फाइनेंशियल रिपोर्ट में सामने आया है कि सत्ता में आने के पहले ही साल 2025 में क्रिप्टोकरेंसी व्यापारिक सौदों से ट्रंप एंड फैमिली ने 1.4 अरब डॉलर से अधिक की कमाई की. डॉक्युमेंट्स में उन्होंने अपने बेटों और स्टीव विटकॉफ की फैमिली द्वारा स्थापित क्रिप्टोकरेंसी फर्म वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल से 500 मिलियन डॉलर से अधिक की इनकम होने की जानकारी शेयर की है.
नए वित्तीय खुलासे को देखें, तो डोनाल्ड ट्रंप की क्रिप्टो से संबंधित कुल आय 1,430,390,415 डॉलर बताई गई है. इस कमाई ने एक बार फिर उनके आलोचकों को मौका दिया, तो वहीं व्हाइट हाउस ने जोर देते हुए कहा है कि ट्रंप ने अपने बिजनेस को अपने बेटों द्वारा मैनेज किए जाने वाले एक ट्रस्ट में रखा है और हितों के टकराव जैसा कोई मुद्दा नहीं है. White House की ओर से साफ इनकार किया गया है कि वह राष्ट्रपति पद का लाभ उठा रहे हैं.
ट्रंप ने कहा- पद का दुरुपयोग नहीं
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, Donald Trump ने कहा है कि उनकी संपत्ति उनके पहले के करियर का परिणाम है. सत्ता और मुनाफे को लेकर सवाल खड़े होने के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले साल अपने परिवार की क्रिप्टोकरेंसी गतिविधियों से कमाई का बचाव करते हुए ये सफाई दी है. ट्रंप ने कहा कि उनके सत्ता में रहने के दौरान हर कोई मुनाफा कमा रहा है.
कतर की ओर से गिफ्ट किए गए नए एयर फोर्स वन विमान में पहली उड़ान के दौरान उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग में इसे लेकर की जा रहीं तमाम आलोचनाओं को खारिज किया कि वह अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं.
अमेरिकी सरकारी नैतिकता कार्यालय द्वारा जारी डॉक्युमेंट से पता चला है कि ट्रंप को 2025 में वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल के माध्यम से करीब 550 मिलियन डॉलर हासिल हुए, जबकि इनमें $TRUMP क्रिप्टो से जुड़े लाइसेंसिंग एग्रीमेंट के तहत 635 मिलियन डॉलर की रॉयल्टी का भी उल्लेख है. ट्रंप ने इसे लेकर कहा कि, ‘आप जानते हैं कि मुझे मुनाफा क्यों हो रहा है, क्योंकि शेयर बाजार ऊपर जा रहा है और सबको मुनाफा हो रहा है.’ ट्रंप ने आगे कहा कि उनकी कमाई को सीक्रेट ट्रस्टों में रखा गया है, ताकि उन्हें सीधे तौर पर इसका लाभ न मिल पाए और मैं अपने प्राइवेट (फाइनेंशियल मामलों) में दखल नहीं देता, मेरे पैसे का मैनेजमेंट करने वाले फंड हैं, वही निवेश करते हैं.
WLF का ट्रंप कनेक्शन
वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल यानी WLF की घोषणा सितंबर 2024 में की गई थी, जिसे सेंट्रलाइज्ड फाइनेंशियल प्लेफॉर्म के रूप में पेश किया गया था. इसके को-फाउंडर्स ट्रंप के बेटों और उनके मिडिल ईस्ट विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बेटे हैं.
फोर्ब्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की क्रिप्टो गतिविधियों के चलते उनकी संपत्ति में करीब तीन गुना इजाफा हुआ है और ये 2024 के 2.3 अरब डॉलर से 2026 में अब तक बढ़कर 6.5 अरब डॉलर हो गई. व्हाइट हाउस का ट्रंप के क्रिप्टो प्रेम को लेकर कहना है कि उन्होंने यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका को दुनिया की Crypto Capital बनाने पर गर्व किया है.
