
Murder Case: जिला मुख्यालय के पॉश इलाके में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।
रविवार की रात छोटी कल्याणी से सटे अमर सिनेमा रोड स्थित आइकन टावर में अपराधियों ने कुख्यात शूटर गोविंद की अंधाधुंध गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना के समय गोविंद अपार्टमेंट के फ्लैट में जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा।
दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों और अपार्टमेंट के गार्ड रामानंद सिंह के मुताबिक, गोविंद को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। पहली गोली लगते ही वह अपनी जान बचाने के लिए ऊपर की तरफ भागा, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर कई गोलियां मारीं।
मौके पर करीब दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग होने की बात सामने आ रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बड़े आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही आस-पास के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बढ़ा दीं और लोग दहशत में अपने घरों की ओर भागने लगे
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू की और वारदात वाली जगह पर करीब 16 से 18 पॉइंट को चिह्नित कर घेराबंदी की है।
शार्प शूटरों से रेकी कराकर हत्या
गोविंद की इस सनसनीखेज हत्या के बाद शहर के सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय सूत्रों की मानें तो यह हत्या किसी बड़े गैंगवार या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।
चर्चा है कि एक सोची-समझी बड़ी सेटिंग के तहत बाहर से पेशेवर शूटरों को बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पिछले कई दिनों से गोविंद की गतिविधियों की रेकी की जा रही थी और सटीक मौका मिलते ही उसे ठिकाने लगा दिया गया।
इस बड़ी वारदात के बाद पूरा शहर सहमा हुआ है और लोग फोन पर एक-दूसरे से घटना की जानकारी जुटाते दिखे।
किसान परिवार से था नाता
मृतक गोविंद के पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उसके पिता प्रमोद नारायण चौधरी उर्फ लड्डू चौधरी पेशे से किसान हैं। गोविंद का एक भाई भी है, जो भारत से बाहर विदेश में रहकर काम करता है।
इस हत्याकांड के बाद जहां पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर के संवेदनशील चौराहों और नाकों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए अपार्टमेंट और आस-पास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है।

