
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में मंगलवार तड़के 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान पास के ब्रह्मपुरी निवासी ललित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुबह न्यू उस्मानपुर थाने में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली थी। एक पुलिस टीम तुरंत भगत सिंह कॉलोनी पहुंची, जहां एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा हुआ मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के शरीर पर चाकू से हमला किए जाने के घाव थे और उसकी कथित तौर पर हत्या की गई थी।
उनके मुताबिक अपराध स्थल का निरीक्षण करने और साक्ष्य एकत्र करने के लिए एक फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोनों एक ही समुदाय से हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
न्यू उस्मानपुर में 17 साल के लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग सहित तीन लोग पकड़े गए
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या किए जाने के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दो किशोरों समेत तीन लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात करीब 10:25 बजे न्यू उस्मानपुर थाने को चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को 17 वर्षीय किशोर जमीन पर पड़ा हुआ मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित को चाकू मारा गया था।

