
शेख हसीना सरकार के अपदस्थ होने के बाद बांग्लादेश की राष्ट्रीय मुद्रा से पूर्व पीएम और देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की तस्वीर हटा दी गई है। बांग्लादेश बैंक की ओर से रविवार को जारी नए नोट (टका) पर हिंदू और बौद्ध मंदिरों, दिवंगत जैनुल आबेदीन की कलाकृति और राष्ट्रीय शहीद स्मारक की तस्वीरें शामिल हैं, जो 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देती हैं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना मुजीबुर रहमान की बेटी हैं। हसीना के सत्ता से बाहर होने और राजनीतिक संकट के बाद बांग्लादेश बैंक ने पिछले साल ही नए नोट जारी करने की घोषणा की थी।
यौन अपराधों के मामले में गवाही की योजना नहीं बना रहे हार्वे वेनस्टेन
हार्वे वेनस्टेन न्यूयॉर्क में यौन अपराधों के पुनर्विचार में गवाही देने की योजना नहीं बना रहे हैं, उनके वकील ने रविवार को यह जानकारी दी। इसका मतलब है कि वेनस्टेन के मामले पर ज्यूरी जल्द ही सुनवाई शुरू कर सकती है। ऐसे में जल्द ही वेनस्टेन के खिलाफ मामला ज्यूरी के सामने जा सकता है। पिछले न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया के मामलों में भी हार्वे वेनस्टेन ने गवाही नहीं दी थी और दोनों मामलों में उन्हें दोषी ठहराया गया था। हालांकि वेनस्टेन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था। वेनस्टेन पर जेसिका मान का दुष्कर्म करने और मरियम हैले और काला सोकोला को मुख मैथुन के लिए मजबूर करने का आरोप है। जेसिका मान एक अभिनेत्री और हैले एक प्रोड्यूसर असिस्टेंट और सोकोला एक मॉडल थी।
लॉस एंजेलिस में फायरिंग, एक पुलिस अधिकारी की मौत
अमेरिका के लॉस एंजेलिस में गोलीबारी की एक घटना में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई है। दरअसल पुलिस को एक व्यक्ति द्वारा गोलीबारी करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस पर भी गोलीबारी की गई, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। घटना शनिवार रात की है। संदिग्ध आरोपी भी घायल हुआ है और उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। संदिग्ध आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं गोलीबारी में मारे गए पुलिस अधिकारी की पहचान सैमुअल रिवोर्स के रूप में हुई है। वहीं घटना में घायल पुलिस अधिकारी की हालत स्थिर है। गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सिंगापुर में भारतीय मूल के व्यक्ति को जेल की सजा
सिंगापुर में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को 16 वर्षीय किशोरी का यौन उत्पीड़न करने, उसका वीडियो बनाने और उससे जबरन पैसे ऐंठने के आरोप में तीन साल से अधिक की जेल और तीन बेंत की सजा सुनाई गई। एक स्थानीय समाचार चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, 27 वर्षीय मार्क जस्टिन लैंड्रियो चंद्रमोहन शुक्रवार से जेल की सजा काटेगा, क्योंकि उसे अपने कर्ज चुकाने के लिए कुछ दिन दिए गए हैं।
आरोपी ने सात आरोपों में दोषी होने की बात स्वीकार की है, अश्लील चित्र और वीडियो वितरित करके उकसाना, जबरन वसूली, धोखाधड़ी, अश्लील फिल्में बनाना शामिल है। मामले में प्रधान जिला न्यायाधीश विक्टर येओ खी एंग ने अन्य नौ आरोपों पर भी विचार किया, जिनमें से अधिकतर अश्लील फिल्में बनाने से संबंधित थे। पीड़िता के अलावा, चंद्रमोहन ने दो अन्य लोगों के साथ यौन कृत्यों को भी फिल्माया था। अपनी सजा सुनाते हुए न्यायाधीश येओ ने कहा कि आरोपी ने एक युवा और भोली-भाली पीड़िता को अपना शिकार बनाया था। न्यायाधीश येओ ने कहा कि अदालत चंद्रमोहन के कृत्यों से पीड़िता पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को नजरअंदाज नहीं कर सकती, जिसने कहा कि इस घटना से उसके परिवार के साथ उसके रिश्ते प्रभावित हुए हैं। जबरन वसूली के लिए दो से सात साल की जेल की सजा हो सकती है, जिसमें बेंत से मारना भी शामिल है।
