
भुवनेश्वर। ओडिशा में चक्रवात और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों में जनजीवन सामान्य करने के लिए बिजली और दूरसंचार सेवाओं की बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है। राज्य के दक्षिणी हिस्से के आठ जिलों में 96 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इस कार्य में 6,400 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। वहीं, बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित गंजाम जिले के 20 ब्लॉकों में दूरसंचार सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं।
20 ब्लॉकों में टेलीकॉम कनेक्टिविटी बहाल
राज्य सरकार के अनुसार, 31 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और अन्य दूरसंचार कंपनियों ने गंजाम जिले के 20 ब्लॉकों में संचार सेवाएं बहाल कर दी थीं। इनमें बीएसएनएल के दो, जियो के आठ और एयरटेल के सात ब्लॉक शामिल हैं। शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी सेवाएं बहाल करने का काम जारी है। प्रशासन ने दूरसंचार कंपनियों को रविवार शाम तक शेष क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बहाल करने का निर्देश दिया है।
आठ जिलों में 96 फीसदी से अधिक बिजली बहाल
चक्रवात प्रभावित दक्षिणी ओडिशा में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 6,400 से अधिक कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। बौध, मलकानगिरी और रायगड़ा जिलों के साथ बेरहामपुर शहर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई है। 31 अक्टूबर शाम सात बजे तक नबरंगपुर में 99.65 प्रतिशत, कोरापुट में 99.20 प्रतिशत, कंधमाल में 99.13 प्रतिशत और गजपति में 96.09 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल हो चुकी थी। गंजाम जिले में भी 93.27 प्रतिशत बहाली का काम पूरा कर लिया गया था। यहां सभी 33 केवी फीडर और बिजली उपकेंद्र चालू कर दिए गए हैं।
गंजाम और गजपति में विशेष टीमें तैनात
बिजली वितरण कंपनियों के कर्मचारियों ने भारी बारिश, जलभराव और सड़कों पर गिरे पेड़ों के बीच क्षतिग्रस्त बिजली खंभों और तारों को बदलने का काम किया। बाढ़ के कारण कई इलाके दूसरे क्षेत्रों से कट गए थे। ऐसे स्थानों तक पहुंचने में भी कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अब गंजाम और गजपति जिलों में विशेष टीमें तैनात कर शेष इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
