लेनदेन की रंजिश में दो गुट भिड़े, एक की मौत, एक घायल

सूरत. सगरामपुरा पखालीवाड़ मस्जिद के निकट रुपए के लेनदेन की रंजिश में रविवार मध्यरात्रि दो गुटों में हिंसक भिडंत हो गई। चाकू, तलवार समेत अन्य हथियारों से एक-दूसरे पर किए हमले में एक जनें की मौत हो गई, जबकि एक जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची अठवालाइन्स पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर हत्या के मामले में तीन जनों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, लिम्बायत अंबा नगर निवासी अशरफ पिंजारी, उमरवाड़ा निवासी आशीफ मोमिन, शहबाज हुसैन, शोएब अंसारी, खालिद उर्फ पन्नी, अजमुद्दीन व बिलाल ने मिल कर सगरामपुरा तलावड़ी निवासी रजा हुसैन (19) की हत्या कर दी। बताया जाता है कि मोमनावाड़ निवासी खालिद उर्फ पन्नी ने ताहिर मंसूर को 30 हजार रुपए दिए थे। ताहिर रुपए नहीं लौटा रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने पर रजा हुसैन के मित्र डीकेएम सर्कल निवासी मुस्तकिन ने रुपए लौटाने की गांरटी ली थी। उसके बाद से खालिद मुस्तकिन से रुपए की मांग कर रहा था। रुपए नहीं देने पर खालिद ने मुस्तकिन से मोबाइल फोन छीन लिया था। रविवार रात करीब ग्यारह बजे मुस्तकिन अपने मित्रों रजा हुसैन, फैजल, अरबाज व उवैश के साथ अपना मोबाइल लेने के लिए पखालीवाड़ मस्जिद के पास पहुंचा। वहां खालिद उसके साथियों के साथ मौजूद था। मुस्तकिन ने मोबाइल मांगा तो खालिद ने लौटाने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों गुटों में विवाद हो गया। दोनों गुटों ने धारदार हथियारों से एक दूसरे पर हमला किया। जिसमें रजा हुसैन व खालिद के गुट का शोएब अंसारी जख्मी हो गए। अस्पताल में रजा हुसैन की मौत हो गई। पुलिस ने अशरफ, आसिफ व शहबाज को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *