Mumbai News: चौपाटी पर लेजर शो में दिखेंगे भगवान राम, महापुरुषों की वीर गाथाओं से परिचित होंगे पर्यटक

मुंबई: गिरगांव चौपाटी पर भगवान राम का शौर्य, छत्रपति शिवाजी महाराज, बाल गंगाधर तिलक की जीवन गाथा साउंड लेजर शो के जरिए दिखाई जाएगी। साथ ही मुंबई की ऐतिहासिक विरासत और मुंबई का इतिहास भी शो के जरिए पर्यटकों को दिखाया जाएगा। बीएमसी के चौपाटी स्थित गार्डन में इसकी व्यवस्था की गई है, जहां रायगड फोर्ट की प्रतिकृति भी बनाई गई है। 22 जनवरी को अयोध्या में जब राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी, उसी दिन शाम को गिरगांव चौपाटी में इसका उद्‌‌घाटन किया जाएगा। मुंबई में समुद्र तट पर यह पहला साउंड लेजर शो होगा। इसके बाद मुंबई के अन्य समुद्र तटों पर भी इसे शुरू करने की योजना है।

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि यहां 8-8 मिनट का चार शो आयोजित किया जाएगा। इसमें महापुरुषों की गाथाओं का लेजर शो के जरिए चित्रण होगा। लेजर शो शाम को 6 बजे से रात 11 बजे तक चलता रहेगा। अधिकारी ने बताया कि लेजर शो में भगवान राम के चरित्र को शामिल करने की परिकल्पना मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा की है। इस संबंध में लोढ़ा से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। अधिकारी के अनुसार शिवाजी महाराज, बाल गंगाधर तिलक और भगवान राम का जीवन चित्रित लोगों को दिखाया जाएगा। इससे लोगों को प्रेरणा मिलेगी, साथ ही लोग ऐतिहासिक तथ्यों से भी अवगत होंगे। गार्डन में चौपाटी की तरफ से इंट्री के लिए 2 अतिरिक्त गेट बनाए गए हैं, जिससे लोग आसानी से आकर लेजर शो देख सकें। चौपाटी पर स्थित तिलक के पुतले के पास स्वराज्य भूमि की पूरी जानकारी मुहैया कराई गई है।

प्रॉजेक्ट पर 4 करोड़ खर्च किए जाएंगे
गिरगांव चौपाटी के लेजर शो प्रॉजेक्ट पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। बीएमसी अधिकारी के अनुसार दक्षिण मुंबई में स्थित गिरगांव चौपाटी पर प्रतिदिन हजारों लोग घूमने आते हैं। अब तक यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे दर्शकों का मनोरंजन हो सके। लेजर शो के जरिए लोग आकर्षित होंगे, जिससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मरीन ड्राइव से गिरगांव चौपाटी के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबे समुद्र तट पर शाम को काफी भीड़ होती है। बीएमसी को उम्मीद है कि लेजर शो के आयोजन से इसमें काफी बढ़ोतरी होगी। यहां साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीएमसी ने पुराने लोकमान्य तिलक गार्डन को ग्लो गार्डन में विकसित कर दिया है। यहां फर्नीचर और कंक्रीट से बने बेंच के साथ एलईडी लाइट की व्यवस्था की गई है। गार्डन में नागरिकों के लिए सुबह के समय मॉर्निंग वॉक और योग के लिए भी व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *