
मुंबई : निर्वाण कंस्ट्रक्शन कंपनी ने 13 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने को लेकर एफआईआर दर्ज (FIR registered) करवाया है। यह एफआईआर 14 फरवरी को पंत नगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। कंपनी ने दावा किया है कि सोसायटी समिति के सदस्यों के पास फर्जी वार्षिक बैठक रिपोर्ट थी, जिसके कारण पुनर्विकास समझौता रद्द हुआ है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, निर्वाण कंस्ट्रक्शन के मालिक वर्धमान सिंघवी (48) शिकायत दर्ज करवाई है कि 2021 में, सिंघवी ने पुनर्विकास के लिए सोसायटी के सदस्यों विक्रोली स्थित सागर-किरण को-ऑप-हो-सोसाइटी और आदित्य-अनुराग को-ऑप-हो-सोसाइटी से संपर्क किया। उनकी अनुमति के बाद सिंघवी ने इन दोनों सोसायटी के पुनर्विकास के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की। म्हाडा ने निर्वाणा कंस्ट्रक्शन का चयन पुनर्विकास के लिए किया।
इसके बाद, सिंघवी म्हाडा से आवश्यक अनुमति लेकर आगे बढ़े और जमा राशि के रूप में 2.11 करोड़ रुपये का भुगतान किया। पुनर्विकास के लिए दोनों सोसायटी के लोगों को एकजुट करना आवश्यक था। सिंघवी को इसके लिए अनुमति मिल गई और 2022 में म्हाडा अधिकारी, सोसायटी के तहत एक नई सोसायटी प्रबंध समिति का चुनाव किया गया। नए समिति ने कथित तौर पर निर्वाण कंस्ट्रक्शन कंपनी से अतिरिक्त कार्यों की मांग की, जिसमें किराया वृद्धि और सभी फ्लैटों में एसी लगाने आदि शामिल हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नई समिति के सदस्यों ने अन्य सोसायटी सदस्यों को सूचित नहीं किया और 2 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी और पूरा न करने पर पुनर्विकास समझौता रद्द करने की धमकी दी। जब कंपनी ने अनुपालन करने से इनकार कर दिया, तो समिति के सदस्यों ने म्हाडा को रद्दीकरण समझौते के बारे में सूचित किया और कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
वर्धमान सिंघवी ने संदीप हिंडालेकर, वामन जाधव, सुरेश माबियान, राजाराम राव, श्रीकृष्ण सावंत, भवानजी वोरा, देबजानी कर, अमृता दलावी, नेमाजी वोरा, उदय खोत, अंकुश मुनबगेकर, रवींद्र सिंह राजपूत और सजय वोरा के खिलाफ धारा 34, 420, 465, और 471 के तहत एफआईआर दर्ज किया है।