पत्नी के प्रेमी ने ₹50 हजार में दी थी हत्या की सुपारी, छह गिरफ्तार

सूरत. बमरोली रोड पर तिरुपति इंडस्ट्रीयल एस्टेट में झाड़ियों के बीच मिले श्रमिक के शव का भेद उजागर कर पुलिस ने हत्या के आरोप में छह जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पांडेसरा तुलसीधाम सोसायटी निवासी मृतक पूरण साहू की हत्या पांडेसरा तृप्ति नगर निवासी अजय मौर्या, नेमनगर निवासी हरीशंकर मौर्या, राकेश केवट, सागर खंडवाल, संतोष महंती व जितेन रूपाले ने की थी।

अजय ने हरिशंकर मौर्या के जरिए 50 हजार रुपए में राकेश, सागर, संतोष व जितेन को हत्या की सुपारी दी थी। उन्हें इस काम के लिए 22 हजार रुपए एडवांस भी दिए थे। चारों ने मिलकर पहले पूरण साहू के साथ दोस्ती की। उसके बाद मंगलवार रात वे उसे बमरोली तिरुपति इंडस्ट्रीयल एस्टेट में वीरान जगह पर ले गए। वहां उसकी हत्या कर दी, शव घनी झाड़ियों के बीच फेंक कर फरार हो गए थे।

बुधवार दोपहर उस ओर गए एक श्रमिक ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। शुरू में शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। डीसीपी विजयसिंह गुर्जर ने जांच के लिए टीमें बनाई। पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इस बीच रात में पुलिस को सागर खंडवाल का सुराग मिला। उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो उसने न सिर्फ पूरण की शिनाख्त की, बल्कि हत्या में शामिल अपने साथियों के नाम भी बता दिए। पुलिस टीमों ने बाद में शेष सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *