मुंबई: दूसरे धर्म में विवाह करने पर पिता ने की बेटी और दामाद की ‘ऑनर किलिंग’

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोवंडी में एक व्यक्ति ने दूसरे धर्म के युवक के साथ प्रेम विवाह करने पर बेटी और दामाद की ‘ऑनर किलिंग’ कर दी। उसने अपने बेटों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोप में लड़की के पिता, भाई और भाई के दोस्त को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 नाबालिग बेटों को हिरासत में लिया है।
वारदात का खुलासा 14 अक्टूबर को एक युवक का शव मिलने के बाद हुआ।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?
पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर को मिले शव की पहचान करण रमेश चंद्र के रूप में हुई थी। मामले में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि करण ने साल भर पहले गुलनाज नाम की लड़की से विवाह किया था।
पुलिस ने अलग-अलग कोण से जांच शुरू की तो करण की पत्नी गुलनाज के भी लापता होने की जानकारी मिली।
इस पर पुलिस ने लड़की के पिता रईसुद्दीन गोरा खान को शक के दायरे में लेते हुए पूछताछ की।

पूछताछ में लड़की के पिता ने कबूला जुर्म
पुलिस ने बताया कि गोरा खान ने पूछताछ के दौरान जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बेटों के साथ मिलकर उसने दंपति की हत्या की।
पुलिस ने पिता गोरा खान, उसके पुत्र सलमान खान और सलमान के दोस्त कैफ नौशाद खान को गिरफ्तार किया है। गोरा के बयान पर पुलिस ने नवी मुंबई से गुलनाज का शव बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि करण उत्तर प्रदेश का निवासी था। दोनों वहीं शादी कर मुंबई आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *