
वैश्विक तनाव का असर गैस सिलिंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल पर सौफ तौर पर दिख रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बुरहानपुर में कांग्रेस सड़क पर उतरी है। जोरदार प्रदर्शन किया है। ज्ञापन सौंपा गया। लेकिन देखना होगा इसका क्या असर होता है?
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अब जनता का गुस्सा सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस सिलिंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल मंगुभाई छगनभाई पटेल के नाम ज्ञापन सौंपा।
गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ रहा-कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण आम नागरिक का जीवन कठिन होता जा रहा है। रसोई गैस की कीमतों में भारी उछाल, बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ोतरी ने मिलकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने इन सभी मुद्दों को उठाते हुए तत्काल राहत देने की मांग की है।
जनता की बढ़ती परेशानी
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हालात अब गंभीर होते जा रहे हैं। गैस एजेंसियों में कालाबाजारी की शिकायतें, पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और बढ़ती बेरोजगारी ने आम जनजीवन को और अधिक प्रभावित किया है। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस की चेतावनी
कांग्रेस नेता अनीता अमर यादव ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टॉक ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए, अन्यथा जनता के हक की लड़ाई और तेज होगी
आगे क्या
फिलहाल प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार महंगाई के मुद्दे पर क्या कदम उठाती है। लेकिन एक बात साफ है कि बुरहानपुर में महंगाई का मुद्दा अब सियासी गर्मी के साथ-साथ जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

