
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर में होली पर युवक की हत्या पर दुख जताया है। यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले में सख्त एक्शन की मांग की है।
उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में होली की रात हुई तरुण की हत्या मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग है। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने कहा कि गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान उमरदिन, जमाउद्दीन, मुस्ताक, कमरुद्दीन, मुजफ्फर और ताहिर के रूप में हुई है। यह सभी जेजे कॉलोनी, हस्तसाल के रहने वाले हैं। इनमें से उमरदीन, जमाउद्दीन और कमरुद्दीन तीनों सगे भाई है जबकि एक बाप बेटा मुजफ्फर और उमरदीन भी शामिल हैं। मामले में पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
डीसीपी ने बताया कि 4 मार्च को रात 11:09 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि पानी से भरे गुब्बारे को एक बच्ची ने फेंका था, जो दूसरे समुदाय की एक महिला को लग गया। इसे लेकर दोनों पक्ष में झगड़ा शुरू हो गया जिसमें एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से पांच लोग घायल हो गए। सभी को नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया जहां तरुण को छोड़कर सभी को डॉक्टर ने डिस्चार्ज कर दिया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत 4 आरोपियों को उसी दिन पकड़ लिया।
दोनों पड़ोसी एक दूसरे को 50 साल से जानते हैं’
पुलिस के अनुसार, अगले दिन 5 मार्च को तरुण की अस्पताल में मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा भी जोड़ी। पुलिस को बाद में पता चला कि दोनो पड़ोसी एक दूसरे को 50 साल से जानते हैं। पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे छोटे-मोटे विवाद को लेकर लंबे अरसे से झगड़ते रहे हैं। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता चला गया और होली के दौरान बच्ची से गिरा पानी वाला गुब्बारा खूनी विवाद में तब्दील हो गया। तरुण की जल्द शादी भी होने वाली थी। पुलिस के अनुसार असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल को खराब करने की कोशिश की गई है। आरोपियों को तुरंत पकड़कर कर पूरे मामले को कंट्रोल किया गया। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह में ना पड़ें।
तरुण के पिता ने की सीबीआई जांच की मांग
तरुण के पिता पुलिस की कार्रवाई को लेकर असंतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कहा तो जरूर कि 5 से 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन वह कौन लोग थे, उन्हें हमें दिखाया नहीं गया है। पुलिस को हमारी रक्षा करनी चाहिए थी, लेकिन आरोपियों की रक्षा कर रही थी। हमारी कोई नहीं सुन रहा, इसलिए हम सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जब वह थाने गए और अपनी बात रखी, न्याय मांगा तो पुलिस वालों ने थाने का गेट बंद कर लिया। थाने के बाहर मुझे बैठना पड़ा और जब हम सड़क पर अपनी बात रखने के लिए गए, तो पुलिस वालों ने लाठीचार्ज करके पिटाई की। यह हमारे साथ न्याय नहीं हो रहा है।
मेमराज ने वारदात की रात की बात याद करते हुए बताया कि आरोपियों ने मेरे बेटे को घेर कर पीटा और उसकी जान ले ली। मैं हॉस्पिटल लेकर बेटे को भाग रहा था और आरोपी आराम से घूम रहे थे। पुलिस ने कुछ भी नहीं किया, हमें न्याय मिलना चाहिए, हमारा जवान बच्चा खत्म हो गया है। हमसे कोई ढंग से पूछने तक नहीं आया कि क्या हालत है।
यही मांग उनके घायल भाई रमेश, उनके रिश्तेदार, उनके परिवार वाले और उनके जानकार शुक्रवार को भी कर रहे थे और शनिवार को भी लगातार कर रहे थे। लोगों ने भी मीडिया के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
हत्याकांड पर क्या बोली सीएम रेखा गुप्ता?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर में होली पर युवक की हत्या पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि राजधानी में ऐसी हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी
सरकार की ओर से प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जो इस तरह के अपराध करने वालों के लिए उदाहरण बने और भविष्य में दोबारा ऐसी घटना ना हो।
पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जांच में तेजी लाई जाए। पीड़ित परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। इस कठिन समय में सरकार पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे

