मुंबई: शिवसेना उद्धव गुट के सांसद व प्रवक्ता संजय राऊत (Sanjay Raut) ने मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी (PM modi) को लेकर बड़ा बयान दिया। मोदी की गारंटी पर सवाल उठाते हुए राऊत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मोदी खुद जीतेंगे या नहीं इस बात की कोई गारंटी नहीं है, इसलिए वह जनता को किस बात की गारंटी दे रहे हैं? उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जीत ‘इंडिया’ गठबंधन की ही होगी।
महाविकास आघाड़ी (मविआ) के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए नागपुर पहुंचे राऊत ने कहा कि पहले चरण में शिवसेना (उद्धव गुट) से कोई उम्मीदवार नहीं है, लेकिन मविआ के उम्मीदवार हैं। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि फडणवीस ’45+’ का दावा कर रहे हैं, लेकिन कोई कुछ भी कहे, कितने भी सर्वे आएं, हम उनसे सहमत नहीं हैं। फडणवीस को आंकड़ा लगाने की आदत है। चुनाव के बाद उन्हें आंकड़ों (एक तरह के जुए) के धंधे में उतरना होगा। अमरावती की सांसद व बीजेपी की लोकसभा की उम्मीदवार नवनीत राणा के एक कथित बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि नवनीत ने सही कहा है। देश में कोई मोदी लहर नहीं है महाराष्ट्र में हमें सौ फीसदी सफलता मिलेगी। राऊत ने विश्वास व्यक्त किया कि परिवर्तन की शुरुआत विदर्भ से होती है। महाराष्ट्र में ‘मविआ’ को 35 और देश में ‘इंडिया’ गठबंधन को 305 सीटें मिलेगी।
शिंदे-अजित पर साधा निशाना
राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का राम प्रेम फर्जी है। वह किसी लड़ाई या संघर्ष में नहीं थे और प्रभु श्री राम कायरों के पीछे नहीं रहते। शिंदे को रामटेक में अपना उम्मीदवार बदलना पड़ा। वह अपने मौजूदा सांसद को टिकट नहीं दिला पाए। जबकि व्यापारी देश चला रहे हैं और अजित पवार उनके एजेंट हैं।
विशाल पाटिल को बर्खास्त करें
सांगली लोकसभा क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी में शामिल शिवसेना (उद्धव गुट) से चंद्रहार पाटिल को उम्मीदवारी दी गई है, जिनके विरोध में कांग्रेस के विशाल पाटिल ने निर्दलीय उम्मीदवारी दाखिल कर दी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राऊत ने बगावत करने वालों को पार्टी से निकालने की मांग की है।
What's Hot
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
