सूरत. शहर के पांडेसरा क्षेत्र में एक कबाड़ी की दुकान में क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण एक बच्चे सहित सात लोगों को दम घुटने के बाद 108 एम्बुलेंस में नई सिविल अस्पताल लाया गया। ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने एक बच्चे समेत चार जनों को आगे के इलाज के लिए भर्ती किया है। बताया जा रहा है कि एक कबाड़ी की दुकान में गैस सिलेंडर को तोडऩे के दौरान क्लोरीन गैस के रिसाव की घटना हुई।
नई सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक वडोद गाम तिरूपति सर्किल के पास गोपाल नगर निवासी राहुल आलम देव की कबाड़ी की दुकान है। बुधवार को दोपहर दो बजे कबाड़ में लाए गए गैस सिलंडर को तोडऩे का काम किया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर से क्लोरीन गैस लीक हो गई। गैस रिसाव के कारण दुकान के मालिक राहुल आलम देव (32) और परिवार के एक वर्षीय यश शिवपूजन निशाद, गायत्री शिवपूजन निषाद (20), शिवपूजन केशराज निषाद (30), गोरेलाल केशराज निषाद (28), कृष्णकांत निषाद, और उमाशंकर निशाद (32) को दम घुटने की तकलीफ हुई। घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस में अस्पताल भिजवाया गया। इमरजेंसी विभाग में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने एक वर्षीय यश, कृष्णकांत, उमाशंकर और दुकान मालिक राहुल आलम देव को आगे के इलाज के लिए 5-सी वार्ड में भर्ती किया गया जबकि अन्य दो-तीन जनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि कबाड़ी की दुकान के ऊपर किराये के मकान में रहने वाला निषाद परिवार के छह जने क्लोरीन गैस रिसाव से बेहोश हो गए। इसमें शिवपूजन, गोरेलाल, केशराज, कृष्णकांत और उमाशंकर संचा कारखाने में काम करते हैं। पुलिस ने इस घटना में कानूनी कार्रवाई के साथ आगे की जांच शुरू कर दी है।