आरोपी की पहचान शुभम चौहान (26) के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है.

सिरोही: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक टैंकर से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. टैंकर में प्लास्टिक के 147 कट्टों में भरकर कुल 2,947 किलो 100 ग्राम डोडा-पोस्त ले जाया जा रहा था. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 42 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई.

नाकाबंदी तोड़कर भागा टैंकर:एसपी अजेयसिंह राठौड़ ने रविवार को बताया- आरोपी ने टैंकर को मॉडिफाई करवा रखा था और पुष्पा फिल्म के स्टाइल में तस्करी कर रहा था. पिण्डवाड़ा थाना पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे-62 पर वीरवाड़ा कट के पास नाकाबंदी कर रखी थी. इसी दौरान एक टैंकर वहां पहुंचा. पुलिस टीम ने टैंकर को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और टैंकर लेकर भागने लगा. इस पर पिण्डवाड़ा थानाधिकारी चैन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टैंकर का पीछा किया. नया सानवाड़ा के पास हाईवे पर टैंकर को घेरकर रुकवाया गया. तलाशी लेने पर टैंकर में प्लास्टिक के 147 कट्टे भरे मिले, जिनमें अवैध डोडा-पोस्त भरा हुआ था.

जोधपुर का आरोपी गिरफ्तार: एसपी अजेयसिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस ने टैंकर की तलाशी के दौरान बरामद डोडा-पोस्त का वजन करवाया. कुल वजन 2,947 किलो 100 ग्राम पाया गया. इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने पर पुलिस ने टैंकर और डोडा-पोस्त को जब्त कर मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया. डोडा-पोस्त की अनुमानित कीमत करीब 4.42 करोड़ रुपये है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम चौहान पुत्र कैलाश चौहान (26) निवासी प्रतापनगर जोधपुर के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.

पुलिस अब जांच कर रही है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है.