
यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया और कतार प्रबंधन की व्यवस्था
अहमदाबाद: दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न गंतव्यों पर विशेष ट्रेनों की 70 से अधिक ट्रिप चलाई जा रही हैं। प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के साथ अहमदाबाद, साबरमती और असारवा स्टेशनों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उत्तर भारत के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें साबरमती-लालकुआं, असारवा-कानपुर सेंट्रल, असारवा-आगरा कैंट, अहमदाबाद-दरभंगा, गांधीधाम-भागलपुर, साबरमती-हरिद्वार और अहमदाबाद-राजगीर सहित कई ट्रेनें शामिल हैं। राजकोट और भुज की ओर से आने वाली 20 से 25 थ्रू-पासिंग ट्रेनों के यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
तीन स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात
भीड़ नियंत्रण के लिए अहमदाबाद स्टेशन पर 55, साबरमती पर 40 और असारवा पर 15 अतिरिक्त आरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं। अहमदाबाद स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) की एक अतिरिक्त कंपनी भी सहायता के लिए उपलब्ध है। तीनों स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
सीसीटीवी से चौबीसों घंटे निगरानी
अहमदाबाद स्टेशन पर 119 और साबरमती स्टेशन पर 121 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 60 अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। यात्री संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए सादे कपड़ों में भी आरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं।
यात्रियों के लिए अलग कतार और होल्डिंग एरिया
अनारक्षित और आरक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। साबरमती स्टेशन पर टिकट काउंटर से होल्डिंग एरिया और प्लेटफॉर्म तक यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को प्राथमिकता दी जा रही है।पीए सिस्टम और लाउड हेलर के जरिए यात्रियों को धक्का-मुक्की से बचने, ट्रेन के पायदान पर खड़े होकर यात्रा नहीं करने और अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने की सलाह दी जा रही है।
