
मुंबई क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी देने के आरोप में बेंगलुरु से एक आईटी इंजीनियर को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है।
3 नवंबर को अभिनेता तुषार कपूर और 4 नवंबर को आयुष्मान खुराना को धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई के गैंग का बताया था। अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने इन एक्टर्स को धमकी देने वाले को हिरासत में ले लिया है। धमकी देने वाले का नाम वैभव मिश्रा है और वो बेंगलुरु में एक आईटी इंजीनियर है।
मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले फिल्मी सितारों को धमकी दे रहा था। उसने कई अन्य लोगों को भी धमकी भरे ईमेल भेजे थे। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है।
बता दें कि आयुष्मान खुराना को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था और तुषार कपूर को कॉल आया था। इसमें एक शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था। तुषार कपूर को फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में सामने आया कि यह ऑडियो क्लिप फर्जी हो सकती है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की जांच के दौरान आरोपी का पता चला है।
पिछले कुछ दिनों से कई अभिनेताओं के साथ इस तरह की घटना हो चुकी है। 18 अक्तूबर को टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग हुई थी। इस घटना की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने ली थी। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है।
अमिताभ बच्चन को मिली धमकी
अमिताभ बच्चन के नाम भी मुंबई के मेयर ऑफिस में धमकी भरा मेल आया था। जिसमें कहा गया था कि महानायक के घर को ग्रेनेड से उड़ा दिया जाएगा। वहीं दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में भी सुसाइड अटैक की धमकी दी गई थी। इसके बाद रविवार को अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर फैंस से मिलने बुलेटप्रूफ शीशे की सुरक्षा में आए।
आए दिन अभिनेताओं को मिल रही धमकियों और हो रहे हमलों को देखते हुए अब AICWA ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर इन मामलों में हस्तक्षेप की मांग की है।
जून में रोहित शेट्टी को भी धमकी मिली थी कि अगर उन्होंने 20 करोड़ की फिरौती नहीं दी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इससे पहले रोहित शेट्टी के मुंबई वाले घर पर फायरिंग हुई थी।
