मुंबई: तीसरी मुंबई (Third Mumbai) बनाने के लिए मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) की नियुक्ति का कड़ा विरोध किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार 124 गांवों के 16 हजार 843 निवासियों ने इस प्रोजेक्ट पर अपना विरोध जताते हुए कोंकण भवन में आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
नवी मुंबई हवाई अड्डा अधिसूचित क्षेत्र के 80 गांव, खोपटा नवनगर अधिसूचित क्षेत्र के 33 गांव, मुंबई महानगर क्षेत्रीय योजना क्षेत्र के 2 गांव और रायगढ़ क्षेत्रीय योजना क्षेत्र के 9 गांवों सहित कुल 124 गांवों को नवनगर विकास प्राधिकरण में शामिल किया गया है। बता दें कि अटल सेतु परियोजना को आर्थिक रूप से संतुलित बनाने के लिए एमएमआरडीए अब अटल सेतु प्रभावित क्षेत्र के 323.44 वर्ग किमी क्षेत्र में गांवों का विकास करेगा।
राज्य सरकार ने 4 मार्च को इसकी अधिसूचना जारी की। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने इस परियोजना का विरोध किया है। इसके पहले भी इस इलाके में विकास कार्य करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन उसका भी विरोध किया गया था। स्थानीय निवासियों का मानना है कि ऐसी योजना उनकी आजीविका के साधन समाप्त कर देगी और उन्हें भूमिहीन बना देगी।