गणेश विसर्जन के दौरान महिला के साथ छेड़छाड़

नवी मुंबई। नवी मुंबई में गणेश प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी है।

कई धाराओं के तहत मामला दर्ज
सहायक पुलिस निरीक्षक दत्ता डफाल ने कहा कि पुलिस ने 24 सितंबर को तुर्भे में हुई घटना के लिए भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग, उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का इरादा) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

नशे की हालत में पकड़ा महिला का हाथ
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर को रात करीब 10 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन जुलूस तुर्भे नाका से गुजर रहा था, तभी नशे में धुत आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगा।

अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारी ने कहा कि आरोपी द्वारा कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ करने के बाद दोनों के बीच काफी बहस हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

28 सितंबर को समाप्त होगी गणेश चतुर्दशी
देश भर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव का आगाज 19 सितंबर को हो चुका है। अब मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में दूसरे दिन से ही मूर्तियों का विसर्जन किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने इस साल मूर्तियों के विसर्जन के लिए 69 प्राकृतिक जल निकायों (समुद्र तट के विस्तार सहित) को शामिल किया है और 191 कृत्रिम तालाब स्थापित किए हैं।

सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
गणेश उत्सव को देखते हुए मुंबई पुलिस ने शहर में 2,094 अधिकारी, 11083 कांस्टेबल, राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की 32 प्लाटून, त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी), रैपिड एक्शन फोर्स और होम गार्ड तैनात किए गए हैं। विसर्जन के दौरान भारी भीड़ इकट्ठा होती है, ऐसे में किसी तरह की भगदड़ और आपराधिक घटनाओं से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *