महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, तौलिया बचाने के चक्कर में मां-बेटी नदी में डूबीं

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। जहां नाले में कपड़ा धोने गई मां और बेटी की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गांव में मातम पसर गया है।
जानकारी के मुताबिक, बेटी और मां कपड़े धोने के लिए सुबह नदी पर गई थीं। कपड़े धोते समय हाथ से तौलिया फिसल गया और पानी में बहने लगा। जिसे देख लड़की पानी में उतर गई। तौलिया लेने के लिए वह 25 से 30 फीट गहरे पानी में चली गई। पानी का अनुमान नहीं होने के कारण वह डूबने लगी। बेटी को डूबता देख मां उसे बचाने के लिए पानी में उतरी, लेकिन दुर्भाग्य से वह भी डूब गईं।
यह घटना भंडारा जिले के लाखांदुर तालुका के बोथली धर्मपुरी में हुई। मृतक मां बेटी की पहचान सुषमा विजय मेश्राम (उम्र 45) और दिव्या विजय मेश्राम (उम्र 16) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि धर्मपुरी गांव के पड़ोस में एक नाला बहता है, जहां गांव की महिलाएं प्रतिदिन अपने कपड़े धोने के लिए जाती हैं। मां और बेटी भी रोजाना की तरह आज सुबह कपड़े धोने के लिए वहां गई थी और वापस नहीं लौटीं। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *