अहमदाबाद: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक तेंदुए ने दो साल के बच्चे की जान ले ली। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि घटना मताना गांव में सोमवार रात करीब नौ बजे की है, जब बच्चा अपने घर के समीप खेल रहा था। अधिकारी ने बताया कि तेंदुआ रमेश जाधव के दो साल के बेटे को खींच कर अपने साथ ले गया। वेरावल रेंज के प्रभारी वन अधिकारी खिमान पम्पानिया ने बताया कि व्यापक छानबीन के बाद बच्चे का शव जाधव के घर से 500 मीटर दूर झाड़ियों से बरामद किया गया।
मताना गांव की घटना
अधिकारी ने बताया कि घटना मताना गांव की है, जो वेरावल रेंज वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ बच्चे को उसके घर से 500 मीटर दूर खींच कर ले गया। अधिकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में तीन से चार तेंदुए हैं। हमने तीन पिंजरे लगाए हैं और तेंदुओं को पकड़ने के लिए तीन और लगाए जाएंगे। इसी इलाके में 10 दिन पहले एक तेंदुए ने 65 वर्षीय महिला की जान ले ली थी। वन अधिकारियों के मुताबिक पिछले छह महीने में इलाके में तेंदुए के हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है।
तब घर में घुस आए थे तेंदुए
पिछले महीने गिर सोमनाथ जिले के गिर गढ़दा गांव में तेंदुओं का आंतक सामने आया था। तब इलाके के सुखनाथ चौक के पास दो तेंदुए घुस आए। इसमें एक तेंदुए ने मां और बेटे पर हमलाकर कुल तीन लोगों को घायल कर दिया। तब सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद तेंदुओं को पकड़ा था। इंजेक्शन देकर पहले बेहोश किया और फिर कब्जे में लिया था। इस दौरान सुखनाथ चौक इलाके में लोगों में दहशत फैली रही थी। लोग को तेंदुओं से बचने के लिए छतों पर चढ़ना पड़ा था।