
मुंबई। पानी की किल्लत की आशंका के बीच सड़कों की धुलाई के लिए 213 टैंकर लगाने की बीएमसी की योजना पर विपक्ष की नेता और पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जब पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता है, तब सड़कों की धुलाई पर इतना पानी खर्च करने की जरूरत क्या है?
पानी के स्रोत पर मांगा जवाब
बीएमसी ने धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 377 सड़कों (करीब 667 किलोमीटर) की 150 से 159 दिनों तक धुलाई की योजना बनाई है। पेडणेकर ने पूछा कि टैंकरों में कुओं, बोरवेल या किसी अन्य स्रोत का पानी इस्तेमाल होगा। उन्होंने पानी की चोरी, लीकेज और टैंकरों के जरिए कथित अवैध जल दोहन पर नियंत्रण की भी मांग की। एल नीनो के संभावित प्रभाव के कारण 2027 में जल संकट की आशंका जताते हुए उन्होंने पुराने कुओं और बोरवेल को फिर से उपयोग में लाने पर जोर दिया।
बीएमसी के कामकाज का हिसाब मांगा
पेडणेकर ने आयुक्त अश्विनी भिड़े पर विकास कार्यों में दबाव और हस्तक्षेप के आरोपों की जांच की मांग की। उन्होंने 2017-22 और 2022-26 के कार्यकाल की श्वेतपत्रिका जारी कर जमा पूंजी, खर्च और विकास कार्यों का ब्योरा सार्वजनिक करने को कहा। रेडी रेकनर के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाने की चर्चा पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
अन्य मुद्दे भी उठाए
उन्होंने महाराष्ट्र को केंद्र से अपेक्षित निधि नहीं मिलने, मुंबई के सरकारी अस्पतालों में रक्त की कमी और भूमिगत शौचालयों में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई। महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया में मतदाताओं के प्रतिनिधित्व और अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।
