Mumbai Maharashtra

नालासोपारा में छठ पूजा पर मनपा की रोक, फिर भी श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य

नालासोपारा: नालासोपारा सेवा समिती द्वारा 1993 से अचोले तालाब पर सार्वजनिक छठ पूजा आयोजित की जा रही है, जो बाद में गालानगर और मोरेगाव तालाब पर भी होने लगी। इस वर्ष वसई विरार शहर महानगरपालिका ने जलाशयों में पूजा की अनुमति देने से इन्कार कर दिया और तालाब परिसर के गेट पर ताला लगा दिया, जिससे भक्तों में नाराजगी रही। समिति ने तीनों तालाबों सहित कई स्थानों पर कृत्रिम तालाब बनाए। तमाम असुविधाओं के बावजूद हजारों भक्तों ने रविवार को अस्ताचल और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर दो दिवसीय पूजन संपन्न किया। देशभर से आए कलाकारों ने भक्तिगीत प्रस्तुत किए। समिति अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश दुबे ने कहा कि शासन, प्रशासन, पुलिस और न्यायालयों को आम नागरिकों की आस्था व पूजा पद्धति के मामलों में अपनी मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। भाजपा गटनेता अशोक शेळके, नगरसेवक अभय कक्कड, विशाल जाधव, नगरसेविका पिंकी राठोड और स्मिता पाटील ने मंच पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और मनपा में यह मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया। समिति के जयप्रकाश दुबे, नवल किशोर मिश्रा, प्रेमनाथ दुबे, अमित दुबे और विशाल दुबे ने अतिथियों का सम्मान किया।