Mumbai Maharashtra

सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया चेन स्नैचर महिला के गले से सोने की चेन खींचकर हुआ था फरार


वसई। नालासोपारा पूर्व के सनसिटी रोड पर स्कूटर सवार महिला के गले से सोने की चेन खींचकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने पालघर जिले के तलासरी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित नथू शनवार (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान सहित कुल 1,40,532 रुपये का माल बरामद किया है।

200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 10:50 बजे महिला अपने पति के साथ स्कूटर से नालासोपारा पूर्व के सनसिटी रोड से वसई की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और महिला के गले से सोने की चेन खींचकर वसई की दिशा में फरार हो गया। महिला की शिकायत पर नालासोपारा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-3 की टीम ने घटनास्थल से तलासरी तक करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर तलासरी से अमित शनवार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी की चेन सहित अन्य सामान बरामद किया गया।

आरोपी पर पहले से चार मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह के चार मामले दर्ज हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे नालासोपारा पुलिस थाने में पेश किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गुन्हे प्रकटीकरण शाखा कक्ष-3 की टीम ने की।