
रतलाम। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में टीही-धार रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ियों के नियमित परिचालन को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) से अनुमति मिल गई है। करीब 47 किलोमीटर लंबे इस नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन खंड पर अब रेल सेवाएं शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
सीआरएस ने किया निरीक्षण और गति परीक्षण
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम परिमंडल ने 5 और 6 नवंबर को टीही से धार स्टेशन तक ट्रॉली और पैदल निरीक्षण किया था। इस दौरान रेल सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के साथ विद्युत इंजन से गति परीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में सामने आई टिप्पणियों के अनुपालन में रेलवे ने आवश्यक स्पष्टीकरण और रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद सीआरएस ने इस रेलखंड पर नियमित यात्री और मालगाड़ी परिचालन की अनुमति दे दी।
मुख्य लाइन पर 90 किमी की रफ्तार
इस रेलखंड की मुख्य रेल लाइन पर अधिकतम 90 किलोमीटर प्रति घंटे और सुरंग वाले हिस्से में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। टीही-धार रेलखंड को अनुमति मिलना इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
