Gujarat

रेल राज्य मंत्री ने गुजरात के पहले ग्रीन स्टेशन एकता नगर का किया दौरा एकता नगर-प्रतापनगर रेलखंड का निरीक्षण कर सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की

वडोदरा। केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने 16 नवंबर को गुजरात के पहले ग्रीन रेलवे स्टेशन एकता नगर का दौरा किया। उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, आधुनिक यात्री सुविधाओं और ग्रीन टेक्नोलॉजी से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
एकता नगर स्टेशन के निरीक्षण के बाद सोमन्ना ने वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के साथ एकता नगर-प्रतापनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों की सुरक्षा, परिचालन दक्षता और चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक ने मंत्री को वडोदरा मंडल में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। साथ ही त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर और दक्षिण भारत की ओर चलाई गई विशेष ट्रेनों तथा भीड़ प्रबंधन के प्रयासों से भी अवगत कराया। प्रतापनगर स्टेशन पर मंत्री ने यात्रियों से बातचीत कर यात्री सुविधाओं के बारे में उनकी राय भी जानी।