
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के बाद आए ज्यादातर एग्जिट पोल्स में बीजेपी को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि टीएमसी इन्हें फर्जी बता रही है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के बाद आए एग्जिट पोल्स की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि बीजेपी को एग्जिट पोल्स में जीत दिखाकर शेयर मार्केट में हेरफेर करने की कोशिश की जाएगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने एग्जिट पोल्स को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में टीएमसी इस बार के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 200 से ज़्यादा सीटें जीतने जा रही है। बता दें कि दीदी वोटों की काउंटिंग से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए उन्हें ज़मीनी स्तर पर लगातार संघर्ष करने के लिए बधाई दी।
शेयर बाजार में हेरफेर का लगाया आरोप
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने के लिए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि टीएमसी चुनाव जरूर जीतेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एग्जिट पोल का इस्तेमाल शेयर बाज़ार के व्यवहार को प्रभावित करने के एक ज़रिया के तौर पर किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “एग्जिट पोल स्टॉक मार्केट में हेरफेर करने की एक कोशिश के अलावा और कुछ नहीं हैं। उन्होंने 2021, 2024 और अब भी ऐसा ही किया है।”
अभिषेक बनर्जी ने BJP और मीडिया पर लगाया आरोप
मतगणना से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली ममता के संबोधन के बाद डायमंड हार्बर के लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी उनकी बातों का समर्थन किया। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं को डराने-धमकाने के लिए केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर रही है।
लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी और उसके नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे हर गांव और गली में गए महिलाओं पर हमला किया और बच्चों को भी नहीं बख्शा। मीडिया का एक खास वर्ग भी उनकी मदद कर रहा है।

