Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) पर सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने गोल्ड तस्करी को नाकाम किया है। कस्टम विभाग ने 8-10 अप्रैल के दौरान चार यात्रियों से तस्करी कर लाया गया लगभग 7.94 किलो सोना जब्त किया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4.69 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि तस्करी के सोने को यात्री के शरीर, मलाशय और ट्रॉली बैग आदि में छिपाया गया था। एक मामले में तो यात्री ने खुद सोना एयरपोर्ट स्टाफ को सौंप दिया। कस्टम ने तीन दिनों में कुल नौ मामलों का खुलासा किया। यात्रियों और उनके सामान की जांच में सोना मोम में, रोडियम प्लेटेड तार और बकल, वॉशर के आकार की अंगूठियां और कच्चे सोने के आभूषण पेंडेंट, पायल आदि में छिपा मिला।
अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में चार यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें से तीन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दो विदेशी नागरिक जो अबू धाबी से माले/बैंकॉक की यात्रा कर रहे थे, उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर शक के आधार पर रोका गया. जांच के दौरान उनके अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखा हुआ 24 कैरेट सोना बरामद हुआ. जिसका कुल वजन 3.46 किलो था।
कोलंबो से मुंबई आये एक अन्य विदेशी यात्री को 307 ग्राम वजन के कच्चे सोने के साथ पकड़ा गया, जिसे आरोपी ने आभूषण के तौर पर पहन रखा था।
इसके अलावा, बहरीन से मुंबई की यात्रा कर रहे कर्नाटक के दो भारतीय नागरिकों को 1.77 किलो सोने की तस्करी करने के आरोप में दबोचा गया। उन्होंने मलाशय में सोना छिपाया था और कुछ कच्चे सोने के आभूषण शरीर पर पहने थे।
इसके अलावा, दोहा से मुंबई यात्रा कर रहे राजस्थान के एक भारतीय नागरिक को ट्रॉली बैग में 836.68 ग्राम कच्चे सोने के गहने छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि शारजाह (2 मामले), दुबई और अबू धाबी से आने वाले चार भारतीय नागरिकों को शरीर पर 1.56 किलो वजन के सोने के आभूषण छिपाए हुए पाया गया। इन मामलों में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
