होली के दिन मुंबई के घाटकोपर इलाके में भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस भयानक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के घाटकोपर में तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने सड़क पर चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों और पैदल चल रहे शख्स की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान समीर मुस्तफा, मुजफ्फर बादशाह और सुरेश के तौर पर हुई है। मुस्तफा और बादशाह की उम्र महज 19 साल थी और दोनों साकीनाका इलाके में रहते थे। हादसे के समय मुस्तफा बाइक चला रहा था और बादशाह पीछे बैठा था। उनकी बाइक ने सुरेश को टक्कर मारी।
एक अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना आज सुबह करीब 4 बजे घाटकोपर (पश्चिम) में एलबीएस रोड पर साई होटल के पास हुई। दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार में साकीनाका के अशोक नगर इलाके से आ रहे थे और दक्षिण की ओर जा रहे थे।
साईं होटल से गुजरते समय मुस्तफा ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और सुरेश से टकरा गया। हादसे के समय सुरेश सार्वजनिक शौचालय जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक 70-80 मीटर तक घिसटने के बाद रुकी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी। तीनों पीड़ितों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घाटकोपर पुलिस ने मृतक बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
