- निफ्टी भी 166 अंक गिरा, लिस्टिंग-डे पर एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का शेयर 31% चढ़ा

मुंबई। शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 523 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 71,072.49 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 166 अंक की गिरावट रही, ये 21,616 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट और 9 में तेजी देखने को मिली।
एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का शेयर पहले दिन 31% बढ़ा
एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का शेयर 20% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ। BSE पर शेयर 187 रुपए के भाव पर खुला, जबकि IPO का अपर प्राइस बैंड 155 रुपए था। हालांकि, मार्केट बंद होने पर एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का शेयर 31.32% बढ़कर 203.55 रुपए पर बंद हुआ। एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का IPO 5 से 7 फरवरी तक खुला था।
निफ्टी-50 के 34 शेयरों में गिरावट देखने को मिली
डॉ रेड्डी, अपोलो हॉस्पिटल, डिविस लैब, विप्रो, HCL टेक, M&M और आयशर मोटर्स समेत निफ्टी-50 के 16 शेयरों में तेजी रही। वहीं कोल इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, BPCL, ONGC, टाटा स्टील और NTPC समेत निफ्टी-50 के 34 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा 4.43% की गिरावट रही
NSE के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सिर्फ IT और फार्मा सेक्टर में तेजी देखने को मिली। मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा 4.43% और PSU बैंक सेक्टर में 4.43% की गिरावट रही। रियल्टी और मेटल सेक्टर में 2% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG और प्राइवेट बैंक सेक्टर 1% से ज्यादा गिरे। वहीं ऑटो सेक्टर में 0.80% की गिरावट रही।
पिछले हफ्ते शुक्रवार को बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले शुक्रवार को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 167 अंक की बढ़त के साथ 71,595 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 64 अंक की बढ़त रही, ये 21,782 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिली थी।