
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज 8 फरवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल को लेकर ब्लैक पेपर पेश किया। खड़गे ने कहा कि भाजपा ने 10 साल में 411 विपक्षी विधायकों को अपनी तरफ मिलाया। मोदी सरकार हमें हैरेस और प्रेशराइज कर रही है। वे डेमोक्रेसी खत्म कर रहे हैं। वहीं, संसद के बजट सत्र में मोदी सरकार आज (8 फरवरी) UPA सरकार के दौरान देश की आर्थिक स्थिति पर व्हाइट पेपर पेश कर सकती है। बुधवार 7 फरवरी को भाजपा सांसद और संसदीय फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन जयंत सिन्हा ने कहा था कि सरकार के व्हाइट पेपर में 2014 के पहले की खराब अर्थव्यवस्था का जिक्र होगा। साथ ही बताया जाएगा कि PM मोदी ने 2014 के बाद कैसे आर्थिक स्थिति बदली।
मोदी हैरेस और प्रेशराइज कर रहे- खड़गे
खड़गे ने कहा कि मोदी कहते हैं कि अब इतने पैसे जमा हो रहे हैं, पहले क्यों नहीं होते थे, ऐसा कहकर वे अप्रत्यक्ष रूप में हैरेसमेंट और प्रेशराइज कर रहे हैं और इलेक्शन में पैसा लगा रहे हैं। ये पैसा डेमोक्रेसी को खत्म करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। 10 साल में 411 विधायकों ने उन्होंने (BJP) ने अपने तरफ ले लिया। मैं ये नहीं कहता कि कितने पैसे देकर खरीदा। आप लोग जानते हैं कि हमारी कितनी सरकारें चुनी हुई थीं जैसे मध्य प्रदेश, गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड। यहां सरकारें कैसे गिरीं, आप जानते हैं। अगर वे डराकर हमें कमजोर करना चाहते हैं तो न कांग्रेस और न ही मैं इससे प्रभावित होंगे।
