Mumbai Maharashtra

हजारों लीटर पानी बर्बाद 15 दिनों से एमआईडीसी की पाइपलाइन में लीकेज, शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं


कल्याण : महाराष्ट्र के कई इलाकों में किसान पानी की कमी से जूझ रहे हैं। खेतों की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है और किसान बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं, कल्याण पूर्व के नेवाली नाके के पास एमआईडीसी की पाइपलाइन से पिछले 15 दिनों से हजारों लीटर पानी लगातार बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों की बार-बार शिकायतों के बावजूद एमआईडीसी प्रशासन ने अब तक लीकेज की मरम्मत नहीं कराई है।

सड़क पर फैला पानी, दुर्घटना का खतरा
नेवाली नाके के पास आत्माराम नगर रोड के किनारे एमआईडीसी की पाइपलाइन का एयरवॉल्व लीक हो रहा है। इससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी सड़क और नालियों में बहकर बर्बाद हो रहा है। स्थानीय निवासी दीपक दुबे ने बताया कि एयरवॉल्व से लगातार पानी निकलने के कारण सड़क पर पानी फैल रहा है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन पैदा होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार एमआईडीसी विभाग को दी गई, लेकिन अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब पानी की हर बूंद बचाने की जरूरत है, तो 15 दिनों से हजारों लीटर पानी बर्बाद होने पर प्रशासन चुप क्यों है? नागरिकों ने एमआईडीसी प्रशासन से तत्काल एयरवॉल्व की मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है।