लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक ने संविधान के कोट पॉकेट एडिशन को एक सिंबल की तरह इस्तेमाल किया. इसके बाद से देश में संविधान और उसकी किताब फिर से चर्चा में आ गई है और खासकर ये एडिशन कॉफी पॉपुलर हो चुका है. संविधान की जिस कॉपी के साथ इंडिया ब्लॉक के नेता चुनाव के दौरान दिखाई दिए और उसके बाद विपक्ष के सभी सांसद लोकसभा में शपथ लेने के दौरान इसे लेकर साथ पहुंचे, उसकी बिक्री ने भी रिकॉर्ड बनाया है.
संविधान के कोट पॉकेट एडिशन के पब्लिशर का दावा है कि महज तीन महीने में इसकी हजारों कॉपी बिक चुकी हैं. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर इसकी एक कॉपी की कितनी कीमत है और बीते तीन महीने में इस कॉपी को खरीदने पर लोगों ने कितना पैसा खर्च कर दिया है.
कैसे बढ़ी इस बुक की पॉपुलैरिटी
18वीं लोकसभा के उद्घाटन सत्र में विपक्षी नेता संसद भवन के बाहर जिस काले और लाल चमड़े से बंधी किताब को लहरा रहे थे, वो देश का संविधान है. ये संविधान का कोट पॉकेट एडिशन है. जो मौजूदा समय में काफी पॉपुलर हो रहा है. विपक्ष ने इस किताब का इस्तेमाल चुनाव में काफी किया. राहुल गांधी से लेकर देश के कई बड़े नेताओं के हाथों में ये एडिशन देखा गया. यही वजह है कि देश के युवाओं में एक बार फिर से संविधान की कॉपी पॉपुलर हो गई. विपक्ष के सभी नेताओं ने इस कॉपी को हाथ में लेकर संसद भवन में शपथ भी ली थी.