मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) उम्मीदवार सुनील तटकरे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (यूबीटी) के अनंत गीते को 82,784 मतों के अंतर से हराकर महाराष्ट्र की रायगढ़ लोकसभा सीट बरकरार रखी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़े के अनुसार, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख तटकरे को 5,08,352 वोट मिले, जबकि गीते को 4,25,568 वोट मिले। राज्य के पूर्व मंत्री तटकरे 2019 में भी इस लोकसभा सीट से चुने गए थे और शरद पवार द्वारा स्थापित राकांपा में जुलाई 2023 में जब विभाजन हुआ तो उन्होंने अजित पवार का साथ दिया था। मुंबई से सटे तटीय निर्वाचन क्षेत्र में 27,270 मतदाताओं ने ‘इनमें से कोई नहीं’ (नोटा) विकल्प चुना। वंचित बहुजन अघाडी (वीबीए) उम्मीदवार कुमुदिनी रवींद्र चव्हाण को 19,618 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार श्रीनिवास मट्टापर्ती को 9,394 वोट मिले।