नागपुर में तेज रफ्तार कार ने 9 मजदूरों को कुचला, बच्चे समेत दो की मौत

नागपुर: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में हिट एंड रन केस बढ़ते जा रहे हैं। आज सोमवार 17 जून को एक और ऐसा ही केस सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने फुटपाथ पर सो रहे 9 मजदूरों को कुचल दिया। जिसमें दो मजदूरों की मौत भी हो गई है। जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है।
यह घटना रविवार रात करीब 12 बजे वाठोडा पुलिस स्टेशन की सीमा में दिघोरी नायक के पास हुई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
इस घटना में तेज रफ्तार कार चालक सड़क किनारे सो रहे मजदूरों को कुचलने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। इस कोशिश में उसने कार को रिवर्स कर दिया, जिससे यह दुर्घटना और भी गंभीर हो गई और 2 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। इनमें से सात मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी मिली है कि कार चालक का नाम भूषण लांजेवार है और वह अर्टिगा कार चला रहा था। उसके साथ कुछ और युवक भी थे। सभी दोस्त पार्टी करके आ रहे थे और सभी नशे में थे। ये सभी 20 से 22 साल के युवा हैं और अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ते हैं। नशे में होने की वजह से कार चालक ने फुटपाथ पर गाड़ी चला दी।
इस घटना पर उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गहन जांच कराकर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का आदेश दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस प्रशासन से नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाकर ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ अभियान तेज करने को भी कहा है। लगातार बढ़ रहे रोड एक्सीडेंट से शहर में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *