चर्चा में है मीरा रोड का मुसलमान परिवार, बेटी को दिया हिंदू देवी महालक्ष्मी का नाम

मुंबई : मीरा रोड की 31 वर्षीय महिला फातिमा खातून ने अपनी नवजात बच्ची का नाम महालक्ष्मी रखा है। एक मुसलमान होकर हिंदू देवी के नाम पर बच्ची का नाम रखना चर्चा का विषय बन गया है। फातिमा खातून ने इसके पीछे का कारण बताया कि क्यों उसने अपनी बच्ची को महालक्ष्मी नाम दिया। दरअसल फातिमा खातून की बच्ची का जन्म 6 जून को हुआ। उनकी डिलीवरी तब हुई जब वह कोल्हापुर-मुंबई महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। ट्रेन लोनावला स्टेशन से गुजरी और उन्हें लेबर पेन होने लगा। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने उनकी डिलीवरी करवाई। फातिमा और उनके पति तैयब को ट्रेन का यह सफर हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने उनकी बेटी को देवी स्वरूप में देखा इसलिए उन्होंने उसे महालक्ष्मी नाम दिया।
दंपति के पहले से ही तीन बेटे हैं। इस बार फातिमा फिर प्रेग्नैंट हुई। डिलीवरी की तारीख डॉक्टर्स ने 20 जून दी थी। तैयब का परिवार मुंबई में रहता है इसलिए वे लोग कोल्हापुर से मुंबई डिलीवरी के लिए जा रहे थे। 6 जून को उन्होंने कोल्हापुर से मुंबई तक की ट्रेन बुक कराई।
ट्रेन का इंजन हो गया था फेल
तैबय ने कहा, ‘इंजन फेल होने के कारण ट्रेन लोनावला में दो घंटे से अधिक समय तक रुकी रही। जब रात 11 बजे के आसपास ट्रेन फिर से शुरू हुई, तो मेरी पत्नी ने पेट में दर्द की शिकायत की और शौचालय चली गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो मैंने उसकी जांच की और पाया कि उसने बच्चे को जन्म दे दिया है। महिला यात्री हमारी मदद के लिए आईं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *