पकड़ा गया विदेश में बैठे गैंगस्टर भाऊ का खबरी, पश्चिमी दिल्ली के बिल्डरों की दे रहा था जानकारी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। दरअसल स्पेशल सेल ने अब एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को रंगदारी मांगने के लिए दिल्ली के कारोबारियों की जानकारी देता था। आरोपी साहिल जैन उर्फ चिंटू (24) के पास से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और एक स्कूटी भी बरामद हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, खूंखार गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ के नाम पर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में कारोबारियों से रंगदारी की कॉल में अचानक वृद्धि हुई और रंगदारी देने से इनकार करने वाले पीड़ितों के ऑफिस और घरों पर गोलीबारी की गई।
सेल की सदर्न रेंज टीम ने ऐसी ही वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया। इसी कड़ी में अब टीम ने भाऊ के खास आदमी की पहचान की। जो भाऊ को पहले कारोबारियों की जानकारी देता था, उन्हें धमकी की कॉल जाती थी फिर यही इनके बीच डील करवाता था। टीम को पता चला कि आरोपी मोहन गार्डन में आएगा। सूचना के आधार पर एसीपी सर्दन रेंज वेद प्रकाश के सुपरविजन में इंस्पेक्टर मान सिंह, संजीव कुमार, एसआई मनीष, देव कुमार, राजेश, एएसआई तरुण, हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण, दीपक, राहुल और राम जस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
राहुल उर्फ काला और नवीन बाली से होगी पूछताछ
पुलिस सूत्र ने बताया, जांच में यह भी पता चला है कि अब तक उस इलाके में रंगदारी की करीब 8 एफआईआर हो चुकी हैं। जबकि कई मामले तो ऐसे भी हैं, जिनमें पीड़ितों ने शिकायत तक नहीं की। आरोपी 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते थे। इसके बाद 2 करोड़ तक में डील कर लेते थे। यही कारण है कि अब पुलिस टीम तिहाड़ में बंद गैंगस्टर राहुल उर्फ काला और राहुल उर्फ काला से भी पूछताछ कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *