BMC अवैध होर्डिंग पर वक्त रहते लेती एक्शन, तो नहीं जाती 16 लोगों की जान

मुंबई: मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग हादसे में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद मुंबई में अवैध होर्डिंग्स को लेकर बड़े-बड़े खुलासे भी हो रहे हैं। ताजा खबर के मुताबिक इगो मीडिया की होर्डिंग पर 240 से अधिक शिकायत होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई, यह चौंकाने वाली बात है। वहीं इस मामले में जिम्मेदार मुंबई महानगरपालिका भी हादसे पर अपना पल्ला झाड़ते हुए नजर आ रही है। रेलवे प्रशासन भी खामोश है, लेकिन मुंबई के जनता में ऐसा हादसे के बाद गुस्सा है। मुंबई की जनता ने यह सवाल किया है कि बीएमसी का बुलडोजर कहां है और अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई कब होगी।
वक्त पर होता एक्शन तो नहीं जाती जान
मुंबईकरों का यह मानना है कि अगर वक्त रहते बीएमसी अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई करती तो 16 लोगों की जान नहीं जाती। दरअसल मुंबई के घाटकोपर के जिस इलाके में यह हादसा हुआ वह जमीन कलेक्ट्रेट की बताई जा रही है। इसे राज्य सरकार ने रेलवे कार्मिक विभाग को दी थी। इसके बाद साल 2020 में होर्डिंग्स के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई। दिसंबर 2021 को इगो मीडिया कंपनी को चार होर्डिंग लगाने की अनुमति मिली, इन्हीं में से एक होर्डिंग 13 मई की शाम को तेज हवा और बारिश के कारण ढह गई।
हादसे के बाद जगी बीएमसी
बताया जा रहा है कि रेलवे पुलिस ने होर्डिंग के लिए मुंबई महानगरपालिका की अनुमति नहीं ली थी, इसके खिलाफ मुंबई महानगरपालिका ने रेलवे पुलिस को चिट्ठी लिखकर विज्ञापन कंपनी को होर्डिंग लगाने की दी गई अनुमति को वापस लेने को कहा था, लेकिन बीएमसी के उस चिट्ठी पर रेलवे पुलिस की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया। उसके बाद 13 मई को हादसा हुआ और अब बीएमसी की तरफ से तमाम विज्ञापन कंपनियों को होर्डिंग हटाने का आदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *