मुंबई के होटल में मेकअप आर्टिस्ट से दो लोगों ने किया बलात्कार, एक गिरफ्तार

मुंबई के करीब नवी मुंबई शहर में एक महिला मेकअप आर्टिस्ट के साथ सामूहिक बलात्कार करने का मामले सामने आया है। नवी मुंबई पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर रेप का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 31 वर्षीय पीड़िता ने एपीएमसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दो साल पहले उसके साथ दो लोगों ने एक होटल में बलात्कार किया था। महिला मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम करती हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला नवी मुंबई के खारघर की रहने वाली है। पीड़िता ने बताया कि जून 2022 में तुर्भे इलाके के एक होटल में वह आरोपी विजय चौधरी उर्फ विरजीभाई महियाल और सद्दाम नामक व्यक्ति से मिली थी। जहां दोनों ने कथित तौर पर महिला को कुछ नशीला पदार्थ पीने को दिया और फिर उसके साथ रेप किया।
पीड़ित महिला की शिकायत पर एपीएमसी पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की बलात्कार और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गुजरात के बनासकांठा जिले के 45 वर्षीय महियाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सद्दाम को पकड़ने के प्रयास जारी है।
पीड़ित मेकअप आर्टिस्ट ने पुलिस के पास देर से इस मामले में शिकायत दर्ज कराने का कोई कारण नहीं बताया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *