Kenya Floods:केन्या में बाढ़ से अब तक 13 लोगों की मौत, करीब 15 हजार लोग विस्थापित

नैरोबी : केन्या (Kenya) के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश (Kenya Heavy rain) के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी है और हादसे में करीब 15,000 लोग विस्थापित हो जाने की खबरें आ रही हैं। स्थानीय मौसम विज्ञानियों ने जून तक और बारिश होने की संभावना जतायी है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय ने केन्या रेड क्रॉस सोसायटी के हवाले से बृहस्पतिवार को बताया कि बारिश के कारण करीब 20,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें मार्च के मध्य से देशभर में भारी बारिश और अचानक आयी बाढ़ से विस्थापित तकरीबन 15,000 लोग शामिल हैं। इस पूर्वी अफ्रीकी देश में बारिश के पिछले मौसम में बाढ़ के कारण हजारों लोगों की मौत हुई थी।
केन्या रेड क्रॉस सोसायटी ने बताया कि बाढ़ के कारण पांच प्रमुख सड़कों का शेष हिस्सों से संपर्क टूट गया है, जिसमें उत्तरी केन्या में गैरिसा रोड भी शामिल है, जहां 51 यात्रियों को ले जा रही एक बस मंगलवार को बह गयी थी। हालांकि लोगों ने रेस्क्यू अभियान के चलते सभी यात्रियों को बचा लिया गया था, नहीं तो मरने वाले लोगों की संख्या और अधिक हो सकती थी।
केन्या के आपदा प्रबंधन एजेंसी ने लामू, ताना रिवर और गैरिसा काउंटी के निवासियों को बाढ़ की चेतावनी जारी की है और उनसे सुरक्षित स्थानों पर जाने का अनुरोध किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के अंत तक बारिश का मौसम अपने चरम पर पहुंचने की उम्मीद है और जून में बारिश कम होना शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *