Mumbai North West lok sabha Seat: उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट का इतिहास, शिवसेना बनाम शिवसेना होगा मुकाबला, जनता का मूड

देशभर में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी जोरों पर है। मतदान के लिए तारीखों का ऐलान हो गया है। सभी सियासी दल सभी सीटों पर अपनी जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुंबई में सभी दलों की मेहनत साफ़ नज़र आरही है। आइये जानते हैं मुंबई में लोकसभा की कितनी सीट है और हर सीट पर किसकी क्या तैयारी है। इस अंक में मुंबई की ‘उत्तर पश्चिम मुंबई’ लोकसभा सीट पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की गई है। 

मुंबई में लोकसभा की 6 सीटें हैं 
दक्षिण मुंबई 
दक्षिण मध्य मुंबई 
उत्तर मुंबई 
उत्तर मध्य मुंबई 
उत्तर पूर्व मुंबई 
उत्तर पश्चिम मुंबई  

उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा सीट
उत्तर पश्चिम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना उद्धव गुट के अमोल कीर्तिकर के नाम की घोषणा के बाद से चुनावी सरगर्मियां बढ़ गई है। इंडिया गठबंधन उम्मीदवार के तौर पर अमोल कीर्तिकर को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से अंधेरी पूर्व विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना उद्धव गुट, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद गुट के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा व शिवसेना शिंदे गुट की ओर से अभी तक उम्मीदवार की अधिकृत घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अभिनेता गोविंदा के शिवसेना शिंदे गुट का दामन पकड़ने के बाद लोगों में अब भाजपा व शिवसेना शिंदे गुट के संभावित उम्मीदवार को लेकर कौतुहल बना हुआ है। 

मुंबई की अहम सीट 
मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण संसदीय क्षेत्र है। इस संसदीय क्षेत्र के गोरेगांव इलाके में फिल्म सिटी है। इस निर्वाचन क्षेत्र में बॉलीवुड के कई सितारे वोटर्स हैं। मतदान के समय देशभर की निगाहें सितारों के मतदान पर बनी रहती है। यहां के वर्सोवा में समुद्र तट के किनारे सैर करने के लिए खूब पर्यटक आते हैं। इस क्षेत्र का वर्सोवा किला भी पर्यटकों के लिए प्रमुख दर्शनीय स्थल है।

विधान सभा क्षेत्र  
उत्तर पश्चिम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में गोरेगांव, वर्सोवा, जोगेश्वरी (पूर्व), दिंडोशी, अंधेरी (पूर्व) और अंधेरी (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र शामिल है।अंधेरी (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र पर शुरुआत में कांग्रेस का कब्जा रहा, लेकिन 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में शिवसेना के रमेश लटके विधायक चुने गए। 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस तीसरे स्थान पर पहुंच गई जबकि 2014 में भाजपा के सुनील यादव 30.94% व 2019 में निर्दलीय उम्मीदवार मुरजी पटेल 31.1% वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। 

उपचुनाव का नतीजा 
2022 में हुए उपचुनाव में शिवसेना उद्धव गुट की रुतुजा लटके विधायक चुनी गई।  2014 के संसदीय चुनाव में अंधेरी विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना को 52.71% वोट हासिल हुआ था, जबकि कांग्रेस को 31.28% व मनसे 7.42% वोट मिला था। 2019 के संसदीय चुनाव में शिवसेना को 63.3%, कांग्रेस को 31.3% वोट हासिल हुआ था। 

कब किसने मारी बाजी 
3 लोकसभा व 3 विधानसभा हुए चुनावों में इस क्षेत्र से कांग्रेस 2 बार और शिवसेना 4 बार आगे रही है। अंधेरी पूर्व विधानसभा मराठी बाहुल्य क्षेत्र है। इस क्षेत्र में में मराठी 39.25%, उत्तर भारतीय 22.16%, मुस्लिम 15.56%, ईसाई 4. 52%, सिख 0.61%, दक्षिण भारतीय 5.43%, गुजराती 11.81% हैं। अंधेरी पूर्व विधानसभा क्षेत्र इंडस्ट्रीयल जोन एमआईडीसी व सीप्ज होने के कारण यहां पर मुंबई के हर क्षेत्र से लोगों का आवागमन होता रहता है। ट्रैफिक जाम से प्रतिदिन जूझना यहां के लोगों जीवन का हिस्सा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *