मुंबई में शर्मनाक घटना, इलायची चुराने के आरोप में शख्स को नंगा कर पीटा

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। जहां एक शख्स को इलायची चुराने के आरोप में नंगा कर बेरहमी से पीटा गया और जूते चाटवाये। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ एपीएमसी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
मुंबई के करीब नवी मुंबई शहर में यह घटना बुधवार की शाम को हुई। आरोपियों ने मसाला चुराने के आरोप में एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की और उसे जूते चाटने के लिए मजबूर किया। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित एपीएमसी में स्थित एक कंपनी की दुकान में नौकरी करता था।
एपीएमसी पुलिस के मुताबिक, मसाला बनाने वाली कंपनी के मालिक रौनक दयालजीभाई भानुशाली और उसके कर्मचारियों ने पीड़ित से मारपीट की।
अधिकारी ने कहा, पीड़ित शख्स को कंपनी से इलायची चुराने के आरोप में पीटा गया, उसके कपड़े उतारे गए और आरोपी भानुशाली के जूते चाटने के लिए मजबूर किया गया। आरोपियों ने इस घटना का मोबाइल से वीडियो भी बनाया।
पीड़ित पर हमला करने वाले कर्मचारियों की पहचान संजय चौधरी, लालाजी बाबूबाई पागी, वीरेंद्र कुमार लक्ष्मण गौतम, योगेश और करण के तौर पर हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *