देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने चीन की राजधानी बीजिंग को पटकनी दे दिया है। मुंबई अब एशिया में सबसे अधिक अरबपतियों वाला शहर बन गया है। बीजिंग से यह तमगा छीन गया है। मुंबई 92 अरबपतियों के साथ एशियाई देशों में टॉप पर पहुंच गया है।
हुरून रिसर्च की ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 (Global Rich List 2024) के अनुसार चीनी महानगर को पछाड़कर मुंबई पहली बार एशिया की अरबपतियों की राजधानी बनी है। मुंबई के 603 वर्ग किमी क्षेत्र में बीजिंग के 16 हजार वर्ग किमी की तुलना में अधिक अरबपति रहते हैं।
भारत में 271 अरबपति
हुरून रिसर्च के मुताबिक, चीन में 814 अरबपति हैं, जबकि भारत में यह संख्या 271 है। वहीं मुंबई में कुल 92 अरबपती रहते हैं, जबकि बीजिंग में यह संख्या 91 है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया में सबसे अधिक अरबपति न्यूयॉर्क में रहते हैं। न्यूयॉर्क ने 119 अरबपतियों के साथ सात साल बाद अपना शीर्ष स्थान फिर हासिल किया है। इसके बाद 97 अरबपतियों के साथ लंदन दूसरे स्थान पर है। वहीँ, मुंबई अरबपतियों के मामले में विश्व स्तर पर तीसरे स्थान पर है।
बीजिंग में अरबपतियों की संपत्ति 28% घटी
हुरून की सूची में भारत से 94 नए नाम शामिल हुए, जबकि चीन से 55 नए नाम शामिल हुए। एक साल में 26 नए अरबपतियों के जुड़ने के कारण मुंबई बीजिंग से आगे निकलने में कामयाब रही है। जबकि इस दौरान चीन की राजनीतिक और सांस्कृतिक राजधानी में 18 अरबपती सूची से बाहर हो गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई की कुल अरबपतियों की संपत्ति 445 बिलियन डॉलर है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 47% अधिक है। जबकि बीजिंग की कुल अरबपतियों की संपत्ति 265 बिलियन डॉलर है, जो 28 फीसदी घटी है।
कितनी बढ़ी अंबानी-अडाणी की संपत्ति?
पिछले साल भारत की कुल संपत्ति में 51 फीसदी का इजाफा हुआ। हालांकि, वैश्विक अमीरों की सूची में भारतीय अरबपतियों की विश्व रैंकिंग में मामूली गिरावट आई है। हुरून की रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 115 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय का अपना स्थान बरकरार रखा है। अंबानी की संपत्ति में 40 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया कि नुकसान के बावजूद गौतम अडाणी की पिछले साल कुल संपदा में 62 प्रतिशत (33 बिलियन डॉलर) का इजाफा हुआ। वैश्विक स्तर पर टेस्ला के मालिक एलन मस्क (231 बिलियन डॉलर) इस सूची में टॉप पर हैं। अंबानी 115 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ सूची में 10वें स्थान पर है। वहीँ, अडाणी 86 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ 15वें स्थान पर हैं।
What's Hot
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
