CM केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध, 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘I.N.D.I.A’ करेगा मेगा रैली

CM Arvind Kejriwal Arrest: विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन ब्लॉक ने रविवार (24 मार्च) को घोषणा की कि वे दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली आयोजित करेंगे. कांग्रेस दिल्ली प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि ये महारैली ‘राजनीतिक’ नहीं होगी बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और केंद्र के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान होगी.

रविवार को कांग्रेस, लेफ्ट और आम आदमी पार्टी ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और लेफ्ट नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अपना विरोध जताया। गोपाल राय ने कहा कि 31 मार्च की रैली रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पुलिस और प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। यह रैली रविवार 31 मार्च सुबह 10 बजे बुलाई गई है।

गोपाल राय ने कहा कि जिस कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है उसमें आज तक कोई मनी ट्रेल सीबीआई या ईडी नहीं ढूंढ पाई है। गोपाल राय ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज कर दिए गए। आज कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के लिए अपने ही खातों के पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इतनी पुरानी पार्टी का खाता सीज हो सकता है तो इनको चंदा देने वाले व्यापारियों का खाता भी सीज किया जा सकता है। लोगों की स्वतंत्रता का हनन हो रहा है।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि हम देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में अपने गठबंधन के सभी साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। लवली ने कहा कि चुनाव में सभी दलों को समान अवसर नहीं मिल रहे। चुनाव जीतने के लिए चुने हुए मुख्यमंत्रियों, चाहे वह हेमंत सोरेन हों या अरविंद केजरीवाल, उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सत्ता पक्ष से प्रश्न करते हुए कहा कि आप किस तरह का लोकतंत्र देश में स्थापित करना चाहते हैं।

लवली ने कहा कि 31 तारीख को होने वाली रैली में गठबंधन के सभी शीर्ष नेता शामिल होंगे। यह रैली कोई राजनीतिक रैली नहीं होगी, बल्कि यह देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए केंद्र के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का आह्वान करेगी। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्लूए और सिविल सोसाइटी के लोगों से इस रैली में पहुंचने का अनुरोध किया। वहीं लेफ्ट ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *